ISRO से फ्री में कीजिए AI और मशीन लर्निंग कोर्स, आज ही करें रजिस्ट्रेशन
इसरो (ISRO) और इंस्टीट्यूट ऑफ रिमोट सेंसिंग (IIRS) ने पांच दिन के ऑनलाइन आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) कोर्स के लिए आवेदन मांगे हैं। इस कोर्स के लिए स्टूडेंट्स रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं elearning.iirs.gov.in/edusatregistration पर।
क्या आपकी रुचि साइंस में है? क्या आप भी आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) के बारे में जानना और सीखना चाहते हैं, लेकिन आपको पता नहीं है कि इसकी जानकारी कहां से मिलेगी? तो आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी है: इसरो (ISRO) आपको एआई और मशीन लर्निंग सिखाएगा। जी हां, इसरो अब ऑनलाइन कोर्स के माध्यम से लोगों को एआई और मशीन लर्निंग सिखाने जा रहा है।
इसरो और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ रिमोट सेंसिंग (IIRS) ने पांच दिन के ऑनलाइन कोर्स आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) के लिए रजिस्ट्रेशन विंडो को खोल दिया है। इस कोर्स का उद्देश्य स्टूडेंट्स को एआई और मशीन लर्निंग की बुनियादी जानकारी प्रदान करना है। यह कोर्स 19 अगस्त से शुरू होगा और 23 अगस्त, 2024 तक चलेगा।
यदि आप भी एआई और मशीन लर्निंग सीखने के इच्छुक हैं, तो आज ही elearning.iirs.gov.in/edusatregistration पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन कर लें। ध्यान दें कि इस कोर्स के लिए सीटें सीमित हैं, इसलिए जो पहले और जल्दी रजिस्ट्रेशन कराएगा, उसे कोर्स में एडमिशन मिलने का मौका मिलेगा। यदि सीटें जल्दी भर जाती हैं, तो आप अपना रजिस्ट्रेशन नहीं करा पाएंगे। रजिस्ट्रेशन का अप्रूवल ऑटोमेटिक मिल जाएगा और सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन के बाद लॉग इन करने की जानकारी स्टूडेंट्स को भेज दी जाएगी।
यह ऑनलाइन कोर्स इसरो के आउटरीच प्रोग्राम का हिस्सा है, जिसकी शुरुआत 2007 में हुई थी और तब से यह प्रोग्राम ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच रहा है। शुरुआत में इस प्रोग्राम में 12 यूनिवर्सिटी शामिल थीं, जबकि आज इसमें 3,500 से ज्यादा इंस्टीट्यूट्स जुड़ चुके हैं। जो भी स्टूडेंट्स और रिसर्चर कम्प्यूटर साइंस, डेटा एनालिटिक्स, भू- सूचनाविज्ञान (Geoinformatics), जियोमैटिक्स और सिविल इंजीनियरिंग कर रहे हैं, उनके लिए यह कोर्स बहुत ही मददगार साबित होगा। सबसे अच्छी बात यह है कि यह कोर्स बिल्कुल मुफ्त है।
इस कोर्स में भाग लेने वाले जो भी लोग इस कोर्स को 70 प्रतिशत अटेंडेंस के साथ पूरा करेंगे, उन्हें कोर्स में भाग लेने का सर्टिफिकेट मिलेगा। यह सर्टिफिकेट इसरो लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (LMS) पर उपलब्ध होगा, जहां से उम्मीदवार इसे डाउनलोड कर सकते हैं।